भारत में दूध-दही को लेकर आधी उलझन शब्दों की है। छाछ का अनुवाद बटरमिल्क किया जाता है, जो वह सिर्फ़ कुछ हद तक है। मलाई को क्रीम कहा जाता है, जो वह पूरी तरह नहीं है। और कुछ सबसे काम के शब्द - नागा, खुरचन, जामन - का अंग्रेज़ी में कोई शब्द है ही नहीं। यहाँ वे शब्द हैं जो हम रोज़ इस्तेमाल करते हैं, उनका अंग्रेज़ी नाम, मतलब, और जहाँ अनुवाद कम पड़ता है।
पशु से
दूध (milk) - यहाँ लगभग हमेशा भैंस या गाय का दूध, और कौन सा, यह मायने रखता है; पढ़ें गाय का दूध या भैंस का दूध।
भैंस का दूध (buffalo milk) - गाढ़ा और एकदम सफ़ेद, गाय के दूध से लगभग दोगुने फैट वाला - इसीलिए इससे मलाई ज़्यादा, दही गाढ़ा और घी ज़्यादा निकलता है।
गाय का दूध (cow milk) - हल्का, हरे चारे के बीटा-कैरोटीन से हल्की पीली झलक वाला।
कच्चा दूध (raw milk) - जो अभी उबाला या पाश्चराइज़ नहीं हुआ। डेयरी का दूध आपके पास ऐसे ही पहुँचता है, इसीलिए उसे एक बार उबालना चाहिए।
खीस (colostrum) - ब्याने के बाद का पहला गाढ़ा, पीला-सा दूध; महाराष्ट्र में खरवस। गरम करने पर नरम हलवे जैसा जम जाता है, और पारंपरिक रूप से बेचा नहीं, बाँटा जाता है।
ब्यात - ब्याना, और उसके बाद का दूध देने का समय। ब्यात के साथ दूध बदलता है - ब्याने के तुरंत बाद से बाद के महीनों में फैट ज़्यादा होता है।
पतीले में
मलाई (malai, skin of boiled milk) - उबला दूध ठंडा होते समय ऊपर जमने वाली मोटी परत। यह दिखने से ज़्यादा भरपूर है, पर मशीन से निकाली क्रीम जैसी नहीं, क्योंकि इसमें काफ़ी दूध रहता है और यह पकी हुई है। घर का घी इसी से बनता है: मलाई से घी कैसे बनाएं।
खोया या मावा (khoya) - घंटों लगातार चलाते हुए पकाया दूध, जब तक लगभग सारा पानी उड़कर नरम ठोस न रह जाए। ज़्यादातर मिठाइयों का आधार।
रबड़ी (rabri) - धीरे-धीरे गाढ़ा किया दूध, जिसमें मलाई की परतें खींचकर मिलाई जाती हैं, मीठा। राजस्थान की राब से अलग, जो नीचे है।
छेना (chhena, fresh curds) - गरम दूध को खटाई से फाड़ने पर मिलने वाला नरम हिस्सा, दबाने से पहले। दबाकर टुकड़ा बना दें तो पनीर (paneer): घर पर पनीर कैसे बनाएं।
दही से
दही (curd, yogurt) - जामन से जमाया दूध। अंग्रेज़ी में curd या yogurt, हालाँकि भारतीय दही आम तौर पर घर पर जमता है और विदेश में बिकने वाले ज़्यादातर योगर्ट से ताज़ा और हल्का खाया जाता है।
जामन (starter) - कल के दही का वह चम्मच जिससे आज का दही जमता है। अंग्रेज़ी में कोई सटीक शब्द नहीं - 'starter' सबसे करीब है। कभी-कभी काम क्यों नहीं करता: दही कैसे जमाएं।
छाछ (buttermilk) - मथा हुआ दही, जिसमें से मक्खन निकाल लिया गया हो, फिर पानी मिलाकर पतला और नमकीन किया। अंग्रेज़ी में buttermilk, हालाँकि यह पश्चिमी दुकानों में बिकने वाला cultured buttermilk नहीं है। उत्तर प्रदेश और बिहार के ज़्यादातर हिस्सों में मट्ठा। कैसे बनाएं: छाछ कैसे बनाएं।
लस्सी (lassi) - थोड़े पानी के साथ फेंटा दही, गाढ़ा, अक्सर मीठा, जिसमें से कुछ नहीं निकाला जाता। फ़र्क पढ़ें लस्सी और छाछ में अंतर में।
राब (raab) - राजस्थान का गर्मियों का पेय: बाजरे या मक्के का आटा छाछ और पानी में धीमी आँच पर गाढ़ा होने तक पकाया, गरम या ठंडा पिया जाता है। आटे की वजह से ही यहाँ छाछ फटे बिना गरम हो पाती है - वही काम जो कढ़ी में बेसन करता है।
मक्खन से घी तक
मथानी (churner) - लकड़ी की मथनी, जिसे हथेलियों के बीच घुमाकर या रस्सी से खींचकर दही या मलाई मथी जाती है।
मटका (clay pot) - मिट्टी का घड़ा जिसमें छाछ मथी और रखी जाती है; मिट्टी भाप बनकर उड़ते पानी से उसे ठंडा रखती है।
मक्खन (butter) - दही या मलाई से मथा हुआ। घर का बिना नमक का सफ़ेद मक्खन अक्सर सफ़ेद मक्खन कहलाता है, ताकि पैकेट वाले पीले, नमकीन मक्खन से अलग पहचाना जाए।
घी (ghee) - धीमी आँच पर पकाया मक्खन, जब तक पानी उड़ न जाए और दूध के ठोस हिस्से भूरे न हो जाएँ, फिर छाना हुआ। अंग्रेज़ी में आम तौर पर clarified butter कहा जाता है, पर clarified butter अक्सर ठोस हिस्से भूरे होने से पहले ही उतार लिया जाता है, इसलिए उसमें घी जैसी सोंधी खुशबू नहीं होती। विस्तार से देसी घी कैसे बनता है में।
खुरचन - घी बनने के बाद कड़ाही और छलनी में बचे भूरे ठोस दाने। यहाँ ज़्यादातर घरों में चीनी के साथ या रोटी पर खाए जाते हैं; कभी फेंके नहीं जाते।
दानेदार (grainy) - वह बनावट जिसके साथ कुछ घी ठंडा होकर जमता है। असली भौतिक गुण, पर शुद्धता का सबूत नहीं: पढ़ें शुद्ध घी की पहचान कैसे करें।
दूध का हिसाब
दूधवाला (milkman) - जो दूध घर तक लाता है।
हिसाब (monthly account) - दूधवाले के साथ महीने का लेखा, जो महीने के आखिर में चुकता होता है। अपना हिसाब हमारे दूध के हिसाब वाले कैलकुलेटर से निकालें।
नागा (a missed day) - वह दिन जब दूध नहीं आया या नहीं लिया गया। हर हिसाब इसी शब्द पर टिका है, और तीस तारीख तक सबसे ज़्यादा यही भूला जाता है।
पैकेट पर
फुल क्रीम (full cream) - जिस दूध का फैट नहीं निकाला गया, लगभग 6 प्रतिशत फैट पर मानकीकृत।
टोंड (toned) - जिस दूध से फैट निकालकर ठोस तत्व पूरे किए गए हों, लगभग 3 प्रतिशत फैट। डबल टोंड लगभग 1.5 प्रतिशत।
फैट और एसएनएफ (fat and SNF) - वे दो आँकड़े जिन पर डेयरियाँ और कलेक्शन सेंटर किसानों को भुगतान करते हैं: फैट, और फैट के अलावा ठोस तत्व (प्रोटीन, लैक्टोज़ और खनिज)। फैट प्रतिशत ही तय करता है कि एक लीटर से कितना घी निकलेगा - हिसाब 1 लीटर दूध से कितना घी निकलता है में।
जो शब्द हम नहीं लिखते
आप देखेंगे कि दूध-दही के कुछ मशहूर शब्द हमारे अपने उत्पादों के पन्नों पर नहीं हैं। यह जान-बूझकर है: हम किसी तरीके का नाम या लेबल तभी लिखते हैं जब उसके ठीक-ठीक मतलब के पीछे खड़े हो सकें। हमारा कुछ भी कैसे बनता है, जानना हो तो हमसे पूछिए - या आकर देखिए।
हम बताते हैं कि हम क्या करते हैं और उत्पाद में क्या है। यहाँ कुछ भी चिकित्सा या पोषण संबंधी सलाह नहीं है, और डेयरी किसी बीमारी का इलाज नहीं - सेहत से जुड़ा सवाल हो तो डेयरी से नहीं, डॉक्टर से पूछें।